सड़कों की बदहाली से बागवानों की मेहनत बर्बादी के कगार पर, कांग्रेस सरकार जिम्मेदारी से भाग रही: राकेश जम्वाल
शिमला /15/09/2025
हिमाचल प्रदेश में सड़कों की बदहाल स्थिति से किसान और बागवान भारी नुकसान झेल रहे हैं, और प्रदेश सरकार की उदासीनता पर सवाल उठते जा रहे हैं। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने तीखा आरोप लगाते हुए कहा है कि सुक्खु सरकार हर मुद्दे पर केंद्र को दोष देने की आदत बना चुकी है, लेकिन खुद अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में सैकड़ों सड़कें बंद पड़ी हैं, जिससे सेब और सब्जियों जैसी फसलों को मंडियों तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है।
किसान-बागवानों की सालभर की मेहनत बर्बादी के कगार पर है, लेकिन राज्य सरकार केवल बयानबाज़ी और दोषारोपण में व्यस्त है। राकेश जम्वाल ने स्पष्ट किया कि जहां केंद्र सरकार के अधीन आने वाले नेशनल हाईवे और फोरलेन प्रोजेक्ट्स पर एनएचएआई और अन्य एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं, वहीं प्रदेश सरकार के अधीन आने वाले स्टेट हाईवे, जिला मार्ग और लिंक रोड्स आज भी बंद पड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति 2023 की बरसात से भी नहीं सुधरी है और कई सड़कें अब भी दो साल से अधूरी या बंद पड़ी हैं। मणिमहेश यात्रा के दौरान भी हज़ारों श्रद्धालु स्टेट हाईवे बंद होने के चलते फंसे रहे, जहां केंद्र सरकार की कोई भूमिका नहीं थी।
राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है और उसका ध्यान सिर्फ राजनीतिक नियुक्तियों के बंटवारे पर केंद्रित है। उन्होंने मांग की कि सरकार को तत्काल प्रभाव से सभी बंद सड़कों को बहाल करना चाहिए ताकि किसान-बागवान अपनी फसलें समय पर मंडियों तक पहुंचा सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हरसंभव मदद दे रही है, लेकिन प्रदेश सरकार को भी अब अपने दायित्वों से भागना बंद करना होगा।