संसद भवन के पास फिर पकड़ा गया संदिग्ध, दो दिन में दूसरी घटना
दिल्ली/23/08/2025
राजधानी दिल्ली में संसद भवन के पास सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शनिवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने संसद भवन से सटे इलाके में संदिग्ध गतिविधियों वाले एक व्यक्ति को रेल भवन के पास हिरासत में लिया। फिलहाल संदिग्ध को दिल्ली पुलिस के हवाले किया गया है, जो उसके दस्तावेज़ों की जांच और पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संसद की सुरक्षा में किसी भी तरह का उल्लंघन नहीं हुआ है। यह कार्रवाई ‘रोको टोको अभियान’ के तहत की गई, जिसमें संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध नजर आने वाले लोगों को रोककर उनकी जांच की जाती है।
यह घटना पिछले दो दिनों में संसद भवन क्षेत्र में पकड़े गए संदिग्ध का दूसरा मामला है। शुक्रवार 22 अगस्त को भी एक व्यक्ति पेड़ पर चढ़कर दीवार फांदकर संसद परिसर में घुस गया था। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह लगातार घटनाएं चिंता का विषय हैं। पिछले साल भी संसद हमले की बरसी के दिन भारी सुरक्षा चूक हुई थी, जब दो युवक लोकसभा कक्ष में घुस गए और पीले धुएं का इस्तेमाल किया। उस मामले में कुल 6 लोग गिरफ्तार हुए और मास्टरमाइंड ललित झा को कोर्ट में चार्जशीट सौंपा गया।
संसद भवन के आसपास हुई यह नई घटना सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और तेज निगरानी की जरूरत को फिर साबित करती है। CISF और दिल्ली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।