शादी का वादा करके बनाए संबंध, बाद में मुकरा—महिला की शिकायत पर मामला दर्ज
बिलासपुर/31/10/2025
बिलासपुर ज़िले में एक महिला ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने अंबाला के बलदेव नगर, नारायणगढ़ रोड क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वर्ष 2021 में उसकी उस व्यक्ति से पहचान हुई थी।
शिकायत के अनुसार, अगस्त 2021 में आरोपी ने उसे बिलासपुर ज़िले के एक निजी गेस्ट हाउस में मिलने के लिए बुलाया। वहां उसने महिला को शादी का वादा किया, लेकिन जब महिला ने विरोध किया तो उसके मना करने के बावजूद आरोपी ने दबाव बनाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने शादी करने के अपने वादे से पीछे हट गया और बातचीत करना भी बंद कर दिया। जब महिला ने कई बार बात करने की कोशिश की, तब भी आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया और पूरी तरह दूरी बना ली। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना बिलासपुर में पूरी घटना की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब मामले की जांच की जा रही है।
इस संबंध में डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने पुष्टि करते हुए कहा कि महिला थाना पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।