शिमला: 12 वर्षीय नाबालिगा से छेड़छाड़ और धमकी का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस
शिमला/01/10/2025
राजधानी शिमला के संजौली थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिगा से छेड़छाड़ और अश्लील इशारे करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने विरोध करने पर न केवल बच्ची बल्कि उसकी मां के साथ भी गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाम के समय घटी वारदात
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार शाम उसकी बेटी अपनी सहेलियों के साथ फोन देख रही थी। इस दौरान वीरेंद्र नामक आरोपी व्यक्ति वहां आया और बच्चियों से कथित रूप से अश्लील इशारे करने लगा। आरोपी ने पीड़िता को गलत तरीके से छुआ और उसका फोन छीनने का प्रयास किया।
बच्ची ने किया विरोध, आरोपी दुकान तक पहुंचा
बच्ची ने विरोध किया तो वह अपनी सहेलियों संग पास की दुकान पर मां के पास पहुंची और पूरी घटना बताई। इसी बीच आरोपी भी वहां पहुंच गया और बच्ची व उसकी मां से गाली-गलौज करने लगा। इतना ही नहीं, उसने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी।
पोक्सो और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज
पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 75, 79, 352, 351(2) और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। संजौली पुलिस ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई तेज कर दी गई है।