NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला में शुरू हुआ बाल रंगमंच महोत्सव 2025, गेयटी थिएटर में गूंजेगा बच्चों का अभिनय

शिमला/04/10/2025

bal

शिमला : बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच देने के लिए टीम कीकली द्वारा आयोजित बाल रंगमंच महोत्सव 2025 का शुभारंभ ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में हो गया है। यह तीन दिवसीय आयोजन 3 से 5 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें हर दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी।

इस महोत्सव की खासियत यह है कि इसमें शिमला और आसपास के क्षेत्रों के 19 स्कूलों की टीमें भाग ले रही हैं। सभी स्कूल अपनी प्रस्तुतियां हिमाचल प्रदेश के 19 प्रतिष्ठित लेखकों की मूल कहानियों पर आधारित नाटकों के रूप में पेश करेंगे। इन कहानियों में कल्पनाशीलता, मानवीय मूल्य, सांस्कृतिक धरोहर और समकालीन मुद्दों को दर्शाया जाएगा।

नाटकों की तैयारी में शिक्षकों ने निर्देशक की भूमिका निभाई है, छात्र कलाकार बने हैं और युवा क्रिएटिव डायरेक्टर्स ने बच्चों को मंचीय कला और अभिनय की बारीकियों से परिचित कराया है। कई दिनों की रिहर्सल और मेहनत के बाद तैयार हुए ये नाटक बच्चों की ऊर्जा और साहित्यिक गहराई दोनों को दर्शाते हैं।

आयोजन समिति ने बताया कि यह महोत्सव न केवल बच्चों की प्रतिभा को सामने लाएगा बल्कि लेखकों की कहानियों को भी नए अंदाज़ में जीवंत करेगा। यह कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ाने के साथ-साथ समाज को सकारात्मक संदेश देने की दिशा में भी अहम कदम है।

दर्शकों से अपील की गई है कि वे इस अनोखे उत्सव का हिस्सा बनें और गेयटी थिएटर में बच्चों के अभिनय और कल्पनाशक्ति की झलक देखें।

Scroll to Top