शिमला में बोलेरो अनियंत्रित होकर 300 फुट गहरी खाई में गिरी, 2 युवकों की मौत, 1 गंभीर रूप से घायल
शिमला/08/10/2025
शिमला: शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। खाबल-रोहड़ू मार्ग पर एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में गाड़ी में सवार खाबल गांव निवासी विशाल और देनवाड़ी गांव निवासी राजवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोंदाड़ी गांव के कामराज पुत्र सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना खाबल के समीप हुई। गाड़ी के खाई में गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को खाई से निकालकर रोहड़ू सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए रोहड़ू अस्पताल भेज दिए। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के असली कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में अब तक दुर्घटना के स्पष्ट कारण का पता नहीं चल पाया है।
यह हादसा स्थानीय प्रशासन और राहगीरों के लिए चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे भविष्य में इस मार्ग पर सतर्कता और सुरक्षा उपायों को और सख्त किया जा सके।