NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला: ढली बाईपास पर जमीन विवाद में भिड़े दो पक्ष, पुलिसकर्मी सहित कई घायल – तीन एफआईआर दर्ज

शिमला/29/09/2025

marpeet

राजधानी शिमला के संजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढली बाईपास पर जमीन विवाद को लेकर रविवार को दो पक्षों में जमकर हंगामा और मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी भी हुई और एक पुलिस कर्मी सहित कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिस पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अनीता ठाकुर की शिकायत

चलौंठी निवासी अनीता ठाकुर ने अपनी शिकायत में कहा कि ढली बाईपास स्थित जमीन पर सुरेंद्र चौहान और उसका बेटा अदालत के स्टे ऑर्डर की अवहेलना करते हुए आयरन रैंप का निर्माण कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सुरेंद्र और उसके बेटे ने उनका रास्ता रोककर धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने अनीता ठाकुर के बयान पर पहला मामला दर्ज किया।

सुरेंद्र चौहान का आरोप

वहीं, सुरेंद्र चौहान ने अपनी शिकायत में कहा कि वह अपने बेटे सान्निध्य चौहान और मजदूरों के साथ भवन के पास रैंप का काम करवा रहे थे। तभी अनीता ठाकुर वहां पहुंचीं और गालियां देकर काम बंद करने को कहने लगीं। इस बीच 8–10 लोग भी उनके साथ आ गए और उन पर तथा मजदूरों पर पत्थरबाजी करने लगे। सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि चलौंठी से बाइक पर आए दो युवकों ने उन पर, उनके बेटे पर और मौके पर मौजूद कांस्टेबल सुनील पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। झगड़ा बढ़ने पर उन्होंने अपने रिश्तेदार को बुलाकर घायल पुलिसकर्मी और खुद को आईजीएमसी शिमला इलाज के लिए भेजा।

कांस्टेबल सुनील की शिकायत

इसी घटना को लेकर कांस्टेबल सुनील ने भी पुलिस में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि मारपीट के दौरान उनकी बाईं आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उन्होंने भी अनीता ठाकुर और उनके समर्थकों पर पथराव और हमला करने का आरोप लगाया।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने अब तक तीनों शिकायतों पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top