शिमला के एडवर्ड्स स्कूल में वॉल ऑफ फेम का लोकार्पण जनरल बिपिन रावत को विशेष सम्मान
शिमला | एडवर्ड्स स्कूल के 100 साल पूरे होने पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में वॉल ऑफ फेम का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिरुद्ध सिंह मुख्यातिथि रहे। इसके अलावा सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश दीपक गुप्ता और उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विपिन चंद्र नेगी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
एडवर्ड्स संघ के अध्यक्ष राजीव सूद ने बताया कि वॉल ऑफ फेम में उन छात्रों के नाम शामिल किए गए हैं जिन्होंने देश की सेवा में विशिष्ट योगदान दिया। इसमें सबसे प्रमुख नाम हैं जनरल बिपिन रावत, भारत के पहले सीडीएस, कैप्टन जतिंदर नाथ सूद (वीर चक्र), कैप्टन संजय डोगरा, ब्रिगेडियर रवि दत्त मेहता, लेफ्टिनेंट जनरल राज मोहन वोहरा और अन्य वीर जवान।
राजीव सूद ने कहा कि यह वॉल ऑफ फेम स्कूल और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है, क्योंकि यहां से ऐसे कई छात्र निकले जिन्होंने देश की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नई ऊँचाई दी। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक हथियारों और 'मेक इन इंडिया' के माध्यम से भारत अब आत्मनिर्भर और दुनिया के शीर्ष रक्षा निर्यातक देशों में शामिल है।
वॉल ऑफ फेम में वीरता के लिए अलंकृत जवानों के नाम भी अंकित किए गए हैं, जिनमें शौर्य चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र और सेना पदक प्राप्त करने वाले छात्र शामिल हैं। इस आयोजन ने स्कूल और छात्रों के योगदान को सम्मानित करते हुए देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।