शिमला गंज बाजार में 15वां विशाल गणेश उत्सव 27 अगस्त से, 6 सितंबर तक गूंजेगा बप्पा का जयकारा
शिमला/24/08/2025
शिमला: गंज बाजार में इस साल भी गणेश उत्सव की भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रीगणपति सेवा मंडल द्वारा आयोजित 15वां विशाल सार्वजनिक गणेश उत्सव प्रदेश और देश के कल्याण एवं समृद्धि की कामना के साथ 27 अगस्त 2025 से 6 सितंबर 2025 तक बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा।
हिंदू पंचांग के अनुसार भाद्रपद माह की चतुर्थी तिथि 26 अगस्त को दोपहर 01:54 बजे से शुरू होकर 27 अगस्त को दोपहर 03:44 बजे तक रहेगी। चूंकि यह उदया तिथि में पड़ रही है, इसलिए गणेश चतुर्थी का पर्व 27 अगस्त को मनाया जाएगा और इसी दिन गंज बाजार में गणेश जी की स्थापना की जाएगी।
गणेश जी की स्थापना का सबसे शुभ मुहूर्त मध्याह्न काल में होगा। 27 अगस्त 2025 को गणेश पूजा का शुभ समय सुबह 11:05 बजे से दोपहर 01:40 बजे तक रहेगा।
श्रीगणपति सेवा मंडल ने सभी श्रद्धालुओं और परिवारों को इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होकर गणेश जी के आशीर्वाद प्राप्त करने हेतु सादर आमंत्रित किया है।