शिमला में HRTC पेंशनरों का प्रदर्शन: समय पर पेंशन न मिलने पर सरकार के खिलाफ नाराजगी
सचिवालय घेराव की चेतावनी
शिमला/26/09/2025
शिमला – हिमाचल प्रदेश सड़क परिवहन निगम (HRTC) के पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सितंबर महीने की 26 तारीख तक भी पेंशन जारी न होने से नाराज पेंशनरों ने राजधानी शिमला में प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेंशन भुगतान नहीं हुआ तो वे सचिवालय का घेराव करेंगे।
पेंशनरों को एक साल से भुगतना पड़ रही परेशानी
लगभग 8 हजार पेंशनरों का कहना है कि उन्हें पिछले एक साल से पेंशन समय पर नहीं मिल रही। इस वजह से उन्हें वृद्धावस्था में रोजमर्रा का खर्च, दवाइयों की जरूरत और परिवार का पालन-पोषण करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि “बुढ़ापे में भी हमें सड़कों पर उतरकर हक मांगना पड़ रहा है।”
मेडिकल बिल, एरियर और डीए भुगतान भी अटका
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संघ के राज्य अध्यक्ष देवराज ठाकुर ने बताया कि पिछले महीने पेंशन 30 तारीख को मिली थी और इस बार 26 तारीख तक भी कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं हुआ है, जबकि एरियर और डीए भी लंबित हैं।
मार्च 2024 सेवानिवृत्त कर्मचारी अब तक बिना पेंशन
देवराज ठाकुर ने यह भी बताया कि मार्च 2024 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को अब तक एक भी पेंशन नहीं मिली। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि केवल झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी
संघ ने साफ कहा है कि अगर सरकार ने जल्द ही पेंशन जारी नहीं की और आगे के लिए तय तारीख नहीं दी, तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। पेंशनरों ने साफ कर दिया कि सचिवालय घेराव से वे पीछे नहीं हटेंगे।
HRTC पेंशनरों का कहना है कि अब धैर्य की सीमा खत्म हो चुकी है और सरकार को तुरंत कदम उठाने होंगे, अन्यथा आंदोलन तेज होगा।