शिमला के कोटशेरा कॉलेज में बैडमिंटन के दूसरे दिन हुए रोमांचक मैच, कई टीमों ने जीती बाजी
शिमला। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय, चौड़ा मैदान (कोटशेरा), शिमला में चल रही हि.प्र. विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष वर्ग) के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आज खेले गए मुकाबले रोमांच और उत्साह से भरे रहे।
तीन दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 44 कॉलेजों की टीमें भाग ले रही हैं। बुधवार को हुए प्री-क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल मैचों में कई दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले।
पहले मैच में पी.जी. सेंटर शिमला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गवर्नमेंट कॉलेज रेह (कांगड़ा) को 3-0 से हराया।
वहीं, डीएवी कॉलेज बनीखेत ने बड़ा उलटफेर करते हुए राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर को 3-0 से मात दी।
राजकीय महाविद्यालय संजौली ने एक कड़े मुकाबले में पांवटा साहिब कॉलेज को 3-2 से हराया।
गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल कॉलेज रामपुर बुशहर ने सलूनी (चंबा) को 3-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर ने संस्कृत कॉलेज शिमला को 3-0 से हराया।
मेजबान टीम राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय, कोटशेरा (शिमला) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय बंगाणा को 3-0 से पराजित किया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के तीसरे और अंतिम दिन, 17 अक्टूबर को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। समापन समारोह में ए.पी.एम.सी. (शिमला एवं किन्नौर) के चेयरमैन देवानंद वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।