NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला के कृष्णा नगर में लैंडस्लाइड का खतरा, 6 मकान खाली करवाए गए

शिमला /04/09/2025

krishna nagar

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कृष्णा नगर इलाके में एक बार फिर भूस्खलन का खतरा गहरा गया है। लगातार तीन दिन से जारी बारिश के कारण इलाके की ज़मीन खिसकने लगी है और भवनों के नीचे बने डंगे ढह रहे हैं। इस हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से 6 भवन खाली करवा दिए हैं और प्रभावित परिवारों को पास के कम्युनिटी सेंटर में शिफ्ट किया गया है।

यहां पर उनके ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर ये भवन गिरते हैं तो आसपास बने अन्य मकानों पर भी संकट मंडरा सकता है।

स्थानीय पार्षद विनोद भाटिया ने बताया कि 1 सितंबर से ही डंगा खिसकना शुरू हो गया था। मंगलवार रात को हुए ताज़ा लैंडस्लाइड ने खतरे को और बढ़ा दिया, जिससे हालात गंभीर हो गए। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को देखते हुए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है और नगर निगम अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।

वहीं, पार्षद बिट्टू ने आरोप लगाया कि इस समस्या की सूचना पहले ही नगर निगम को दी गई थी लेकिन समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया। उनके अनुसार, क्षेत्र के कई नाले बंद पड़े हैं, जिससे भूस्खलन का खतरा और बढ़ गया है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

गौरतलब है कि कृष्णा नगर वार्ड पहले भी लैंडस्लाइड से बुरी तरह प्रभावित रहा है। दो साल पहले यहां बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ था, जिसमें 8 मकान जमींदोज हो गए थे और एक स्लाटर हाउस भी गिर गया था। उस समय 10 से ज्यादा मकानों को असुरक्षित घोषित किया गया था। अब एक बार फिर से हालात बिगड़ते दिख रहे हैं और स्थानीय लोग प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Scroll to Top