NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला में फिर बढ़ा तेंदुए का आतंक — रिहायशी कॉलोनी में घुसा, CCTV में कैद, लोग सहमे

शिमला/01/11/2025

tebduaa

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में तेंदुए की दहशत एक बार फिर लौट आई है। संजौली के चलोंठी इलाके में शुक्रवार रात करीब 7:20 बजे तेंदुआ अचानक रिहायशी क्षेत्र में घुस आया। वह एक निर्माणाधीन घर के भीतर दिखाई दिया और कुछ ही सेकंड बाद सड़क की ओर भागता नजर आया। यह पूरा दृश्य कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में स्पष्ट कैद हुआ है। फुटेज में दिखा कि तेंदुए के सड़क पार करने के तुरंत बाद एक स्कूटी सवार युवक उसी रास्ते से गुजरा। बस एक पल का फर्क था—वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

इलाके की वार्ड पार्षद ममता चंदेल ने बताया कि इससे पहले भी तेंदुआ यहां दिखाई दिया था। तीन दिन पहले एक 15 वर्षीय लड़का इसका निशाना बनते-बचते बचा। लड़का जैसे ही घर से बाहर निकला, तेंदुए ने झपट्टा मारा, लेकिन तुरंत घर में घुस जाने से उसकी जान बच गई। इस घटना के बाद से लोग भारी डर में हैं।

संजौली का चलोंठी क्षेत्र घनी आबादी वाला है और सड़क के पास ही लक्ष्मी नारायण मंदिर स्थित है, जहां देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। तेंदुए की मौजूदगी से अब लोग अंधेरा होने के बाद बाहर निकलने से बच रहे हैं। सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले भी सतर्क हैं।

वन विभाग ने घटनास्थल के पास एक पिंजरा लगाया है, पर स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ पिछले चार दिनों से रोज अलग-अलग स्थानों पर देखा जा रहा है। इसलिए केवल एक पिंजरा पर्याप्त नहीं है, कई स्थानों पर पिंजरे लगाने की मांग की गई है।

शिमला में तेंदुओं की हलचल कोई नई बात नहीं—

हिमलैंड और लालपानी क्षेत्रों में पहले दो बच्चों की मौत हो चुकी है।

धोबीघाट, भराड़ी और टूटीकंडी में राह चलते लोगों पर हमले दर्ज हुए हैं।

अब संजौली में तेंदुए की एंट्री ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहरवासी प्रशासन से तुरंत प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।

Scroll to Top