शिमला नगर निगम में वोटर लिस्ट विवाद: पूर्व पार्षद विवेक शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
शिमला/07/10/2025
शिमला, हिमाचल प्रदेश: नगर निगम शिमला के पूर्व पार्षद एवं अधिवक्ता विवेक शर्मा ने नगर निगम में वोटर लिस्ट गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2023 के नगर निगम चुनावों में कांग्रेस द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोप पूरी तरह झूठे, तथ्यहीन और आधारहीन हैं।
विवेक शर्मा ने बताया कि सितंबर 2025 में नगर निगम की हाउस बैठक में मझाठ और टूटू वार्ड के पार्षदों के बीच हुए विवाद ने एक गंभीर समस्या उजागर की है। मझाठ वार्ड की पार्षद ने अपने फेसबुक पेज 'मझाठ' पर वोटर लिस्ट साझा की, जिसमें टूटू वार्ड की पार्षद मोनिका भारद्वाज का नाम मझाठ वार्ड की वोटर लिस्ट में, सप्लीमेंट्री लिस्ट में और टूटू वार्ड की वोटर लिस्ट में भी शामिल था। जबकि मोनिका भारद्वाज ने टूटू वार्ड से ही नामांकन दाखिल किया था।
पूर्व पार्षद ने कहा कि नगर निगम चुनाव नियमों के रूल 16, सब-क्लॉज 2 के अनुसार किसी व्यक्ति का वोट केवल एक वार्ड में ही हो सकता है। इस गड़बड़ी से स्पष्ट होता है कि नगर निगम का चुनाव संविधान और वोटर लिस्ट में हेरफेर करके जीता गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने चुनाव आयोग को नजरअंदाज कर या दबाव में लेकर यह सुनिश्चित किया कि गलत वोटर लिस्ट के आधार पर नगर निगम का गठन हो।
विवेक शर्मा ने मांग की कि इस नगर निगम को तत्काल भंग किया जाए। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और वोट चोरी कांग्रेस का मूलभूत व्यवहार है, और उनकी पार्षद ने इसे स्वयं प्रमाणित किया।
पूर्व पार्षद ने मीडिया से अपील की कि नागरिक इस गड़बड़ी के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना प्रशासन को दें।
संपर्क:
विवेक शर्मा
पूर्व पार्षद, नगर निगम शिमला
+91 9816049696