NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला के वृद्धाश्रम में बड़ा खुलासा: कीड़ों वाला व एक्सपायरी खाना परोसा गया

shimla
शिमला। राजधानी शिमला के बसंतपुर वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों को परोसे जा रहे भोजन की हालत बेहद चिंताजनक पाई गई है। राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एस.पी. कत्याल के औचक निरीक्षण में आटा, चावल और दाल जैसी मूल खाद्य सामग्री में भारी अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि आटे में घुन मिले हुए थे, जबकि चावल और दाल चना एक्सपायरी व पुराने थे।

राशन भंडारण और उपयोग में लापरवाही

डॉ. कत्याल ने कहा कि आश्रम में जरूरत से ज्यादा राशन दान में आ रहा है, जिसका उचित उपयोग नहीं हो रहा। खराब भंडारण व प्रबंधन के कारण खाद्य सामग्री न केवल खराब हो रही है बल्कि वृद्धजन इसकी कीमत स्वास्थ्य पर चुकाने को मजबूर हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि अतिरिक्त राशन को अन्य केंद्रों में वितरित किया जाए और पूरे मामले का
सरकारी ऑडिट कराया जाएगा ताकि दान और खपत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

वृद्धों की देखभाल पर दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान डॉ. कत्याल ने कर्मचारियों को पेयजल की गुणवत्ता, स्वच्छता और वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जरूरतों पर विशेष ध्यान देने के आदेश दिए। उन्होंने चिकित्सक से निवासियों के स्वास्थ्य पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा। हालांकि रहन-सहन की सामान्य स्थिति पर उन्होंने संतोष भी जताया।


आंगनबाड़ी केंद्रों और सीडीपीओ कार्यालय का दौरा

बसंतपुर के साथ-साथ बगैण, धरस्थाई और घरयाणा के आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही उन्होंने सुन्नी स्थित सीडीपीओ कार्यालय का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उचित मूल्य की दुकान में भी खामियां

सुन्नी तहसील में सरकारी समिति द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान में भी निरीक्षण के दौरान कमियां पाई गईं। डॉ. कत्याल ने विक्रेता को निर्देश दिए कि दुकान पर सूचना पट्ट लगाएं और शिकायत-रजिस्टर अनिवार्य रूप से बनाए रखें ताकि समस्याओं का समय पर निपटारा हो सके।
Scroll to Top