NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला में शर्मनाक कांड: पंचायत प्रधान ने तांत्रिक विद्या के नाम पर नाबालिग से किया दुष्कर्म

पुलिस ने आरोपी को दबोचा — आज कोर्ट में पेशी

शिमला/20/10/2025

aaropiiii

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। रामपुर उपमंडल की जघोरी पंचायत के प्रधान किशोरी लाल पर 13 साल की नाबालिग बच्ची से रेप करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी प्रधान को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया, जिसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। यह घटना तब सामने आई जब पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपने परिवार को पूरी बात बताई।

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, 21 सितंबर को जब वह स्कूल जा रही थी, तभी रास्ते में पंचायत प्रधान किशोरी लाल मिला। आरोपी ने उसके गले में पड़े रुद्राक्ष के हार के बारे में पूछा और उसे छूते हुए कहा कि “इसे छूने से झटका लगा है।” जब लड़की ने हैरानी जताई, तो आरोपी ने खुद को “तांत्रिक विद्या” जानने वाला बताते हुए बच्ची को डराना शुरू कर दिया। उसने कहा कि अगर वह उसके बताए अनुसार नहीं करेगी, तो उसका परिवार मर जाएगा।

लड़की के मुताबिक, आरोपी प्रधान ने उसे कई बार तांत्रिक विद्या के नाम पर धमकाया और डर का माहौल बनाया। 15 अक्टूबर को उसने लड़की को अपने घर बुलाया, पानी पिलाया और बहाने से उससे गलत हरकतें कीं। किशोरी लाल ने बच्ची से कहा कि वह उसे “प्यार करता है” और उसे भी वैसा ही करने को कहा। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने फिर से परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

इसके बाद 17 अक्टूबर को आरोपी ने दोबारा उसे घर बुलाया। तांत्रिक विद्या के डर से सहमी बच्ची फिर वहां पहुंची, जहां प्रधान ने उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया।

आखिरकार, जब बच्ची का डर कुछ कम हुआ तो उसने यह पूरी घटना अपने परिवार को बताई। परिवार ने तुरंत पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा दिया गया है।

रामपुर पुलिस ने आरोपी प्रधान को रविवार देर रात गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आज आरोपी को रिमांड पर भेजने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा ताकि मामले की पूरी जांच की जा सके।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पीड़िता के बयान से यह साफ हो गया है कि आरोपी ने अपनी पंचायत प्रमुख की स्थिति का दुरुपयोग करते हुए बच्ची को अंधविश्वास के नाम पर मानसिक रूप से डराया और शारीरिक शोषण किया।

इस घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आरोपी को सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के पद का दुरुपयोग कर किसी मासूम की ज़िंदगी बर्बाद न कर सके।

Scroll to Top