NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: चिड़गांव और सदर से नशा तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में चरस बरामद

शिमला/25/10/2025

chita

शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन छापेमारी में कुल 1.28 किलो और 130 ग्राम चरस बरामद की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

पहला मामला चिड़गांव उपमंडल का है। पुलिस की डिटेक्शन टीम रोहड़ू के हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह के नेतृत्व में गश्त पर थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि नेपाली नागरिक रवींद्र शर्मा (33) गोस्कवारी गांव में चरस की तस्करी कर रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पंचायत घर के पास छापेमारी की। तलाशी में उसके पास से 1.28 किलो चरस बरामद की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरा मामला शिमला शहर, सदर थाना क्षेत्र का है। एएसआई नरेंद्र कुमार की टीम ऑकलैंड टनल के पास गश्त कर रही थी, जब उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी पर नशे की बिक्री कर रहा है। पुलिस ने स्कूटी संख्या HP-63B-8131 पर बैठे हेम चंद (38) को रोका और तलाशी में उसके कब्जे से 130.620 ग्राम चरस/भांग बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई होती रहेगी।

Scroll to Top