शिमला में खत्म हुई सिटी प्राइवेट बस चालकों की हड़ताल, प्रशासन संग बैठक के बाद ऑपरेटरों ने बदला फैसला
शिमला/12/10/2025
शिमला: शहर में सोमवार से शुरू होने वाली सिटी प्राइवेट बस चालकों और परिचालकों की प्रस्तावित हड़ताल अब टल गई है। रविवार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) शिमला में हुई अहम बैठक के बाद निजी बस ऑपरेटरों ने अपना फैसला बदलते हुए हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।
बैठक में एचआरटीसी के अतिरिक्त निदेशक, आरटीओ शिमला, सीजीएम पंकज सिंघल और डीएम देवासेन नेगी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान शिमला सिटी प्राइवेट बस ऑपरेटर संघ और चालक-परिचालक यूनियन के पदाधिकारियों ने अपनी मांगें रखीं, जिनमें से दो प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है।
संघ के महासचिव सुनील चौहान ने बताया कि सरकार से शेष मांगों को लेकर आगे चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाया है, इसलिए हड़ताल को तत्काल प्रभाव से खत्म किया जा रहा है।
हालांकि, यूनियन के पदाधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और एचआरटीसी बसों की मनमानी अब भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि एचआरटीसी की स्कूल ड्यूटी और वर्कशॉप बसें भी रास्ते में सवारियां उठाती हैं, जिससे निजी बस चालकों को नुकसान उठाना पड़ता है। इसके साथ ही पुराने बस स्टैंड पर रेस्ट रूम की मांग को लेकर भी अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
गौरतलब है कि सोमवार को शिमला के रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण समारोह भी आयोजित किया जाना है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना के चलते प्रशासन ने पहले ही एहतियातन कदम उठाने शुरू कर दिए थे। यदि हड़ताल होती, तो शहरवासियों को कार्यालय और स्कूल पहुंचने में भारी परेशानी झेलनी पड़ती।
अब हड़ताल समाप्त होने से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सामान्य रहने की उम्मीद है।