शिमला में कार की टक्कर से रेलिंग टूटने पर 5 लोग घायल, बच्चों समेत परिवार आईजीएमसी में भर्ती
शिमला/21/10/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दिवाली की रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर ने फुटपाथ पर सो रहे एक परिवार के ऊपर रेलिंग गिरा दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें चार बच्चे और चार महीने का मासूम शामिल है। सभी घायलों का उपचार आईजीएमसी शिमला में चल रहा है।
राजस्थान के चित्तोड़गढ़ निवासी यह परिवार शिमला में गुब्बारे बेचने का काम करता है। हादसा विक्ट्री टनल के पास हुआ, जहां परिवार सड़क किनारे सो रहा था। सोमवार रात लगभग 10:15 बजे, एक सफेद टैक्सी (HP01N0561) तेज गति से गलत दिशा में आई और फुटपाथ की रेलिंग से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोहे का साइनबोर्ड और रेलिंग टूटकर ऊपर सो रहे लोगों पर गिर गए।
हादसे में घायल हुए लोग हैं:
भेरी (22 वर्ष) पत्नी भैरू
सोना (4 वर्ष) पुत्री भैरू
विशाल (8 वर्ष) पुत्र जमनालाल
माया (6 वर्ष) पुत्री जमनालाल
किशन (4 माह) पुत्र रामलाल
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, रिपन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को आईजीएमसी शिमला स्थानांतरित किया गया।
पुलिस ने कैलाश (22 वर्ष) की शिकायत के आधार पर सदर थाना में आईपीसी की धारा 281 और 125 (ए) के तहत मामला दर्ज किया। एसएचओ धर्म सेन नेगी ने बताया कि ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और जांच जारी है।
हादसे ने शिमला में सड़क सुरक्षा और फुटपाथ पर सो रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले की जांच तेज कर दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।