शिमला में बारिश का कहर: दो घर जमींदोज, बाप-बेटी समेत तीन की मौत ,सिरमौर में महिला मलबे में दबी
शिमला के जुन्गा में लैंडस्लाइड से मकान टूटा। इसमें दबने से पिता बेटी की मौत हो गई
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने कहर मचा दिया है। प्रदेश के कई जिलों में भूस्खलन और जलभराव के चलते लोगों की जान-माल को खतरा बना हुआ है।
शिमला में भूस्खलन से 3 मौतें
शिमला जिले के जुन्गा और कोटखाई में भूस्खलन के कारण दो मकान जमींदोज हो गए। इस हादसे में बाप-बेटी समेत तीन लोग अपनी जान गंवा बैठे। जुन्गा में वीरेंद्र कुमार (35) और उनकी 10 साल की बेटी की मौत हुई। कोटखाई में वृद्ध महिला कलावती मलबे में दबकर शिकार हो गई। रोहडू के दयार मोली गांव में भी भूस्खलन से कई घरों को खतरा पैदा हुआ, जिन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।
सिरमौर - शाईमी में मकान गिरने से दबी महिला , लोग कर रहे तलाश
सिरमौर में महिला मलबे में दबी
सिरमौर जिले के चौरास पंचायत के शाईमी गांव में भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ से गिरी विशाल चट्टानें एक मकान पर गिरीं, जिसमें एक महिला मलबे में दब गई और उसकी मौत हो गई। महिला का पति घर के बाहर होने के कारण सुरक्षित बच गया, वहीं उनका बेटा भी बाल-बाल बचा।
मणिमहेश यात्रा प्रभावित
चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालु लगातार बारिश और खराब रास्तों की वजह से फंसे हुए हैं। प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा है।
10 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
बारिश और भूस्खलन के खतरे के चलते प्रदेश सरकार ने 10 जिलों के स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया है। केवल चंबा और किन्नौर में स्कूल खुले रहेंगे। कुल्लू जिले के मनाली, बंजार, आनी और निरमंड क्षेत्रों में भी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
सड़कें बंद, यात्रा प्रभावित
भारी बारिश के कारण प्रदेश में 662 सड़कें बंद हो गई हैं, जिसमें चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे भी शामिल है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में रेड अलर्ट जारी किया है। चंबा, कुल्लू और शिमला में आज ऑरेंज अलर्ट रहेगा। विभाग ने लोगों से भूस्खलन और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
लोगों से सावधानी की अपील
प्रशासन ने नागरिकों को नदी-नालों और भूस्खलन प्रवण इलाकों से दूर रहने की हिदायत दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने और सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।