NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला में संघ का पथ संचलन, विजयदशमी पर अनुशासन और समरसता का संदेश

शिमला/02/10/2025

pro

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने मंगलवार को जिला शिमला के केशव नगर में संघ शताब्दी वर्ष और विजयदशमी के उपलक्ष्य में भव्य नगर एकत्रीकरण और पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया। बालूगंज क्रॉसिंग के पास होटल होराइज़न और नगर निगम पार्किंग परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अनुशासन और समरसता का परिचय दिया।

मुख्य वक्ता डॉ. चंद्र प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि विजयदशमी का पर्व, संघ स्थापना दिवस और शताब्दी वर्ष एक साथ मनाया जाना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने संघ की स्थापना से लेकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में उसकी यात्रा को रेखांकित किया और कहा कि संघ व्यक्ति निर्माण से समाज संगठन और आगे राष्ट्र निर्माण तक की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने शक्ति पूजन और शस्त्र पूजन की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शस्त्र पूजन त्याग और समर्पण का प्रतीक है, जबकि शक्ति संपूर्ण ब्रह्मांड की आधारशिला है। साथ ही उन्होंने संघ के "पंच परिवर्तन" विषयों – सामाजिक समरसता, स्व का भाव, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्य – को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक संजय जी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य महीधर प्रसाद, प्रांत पर्यावरण संयोजक पवन कुमार, विभाग प्रचारक महेश्वर जी, जिला संघचालक अजय सूद और नगर संघचालक लोकेश सूद सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह आयोजन संघ के अनुशासन, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रेरणादायी प्रतीक रहा।

Scroll to Top