शिमला में बड़ा खतरा टला—स्कूल बस के नीचे धंसी सड़क, 15 फीट गहरा गड्ढा बना; छात्रा को रस्सी से बचाया गया
शिमला/22/11/2025
शिमला के भट्टाकुफर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। ऑकलैंड हाउस स्कूल की बस जैसे ही छात्रों को लेने के लिए रुकी, सड़क अचानक धंस गई और कुछ ही सेकंड में लगभग 15 फीट गहरा गड्ढा बन गया। बस का अगला टायर इसी गड्ढे में फंस गया। इसी दौरान आठवीं कक्षा की छात्रा प्रियांशी बस में चढ़ रही थी और अचानक धंसी हुई जमीन के साथ वह भी नीचे गिर गई। स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए और रस्सी की मदद से बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के समय हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (HP-63A-8832) मौके पर मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि बस कुछ इंच भी आगे बढ़ जाती तो पूरा वाहन गड्ढे में धंसने की आशंका थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। बस को निकालने के लिए क्रेन बुलाने की तैयारी की जा रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में गहरी नाराज़गी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि फोरलेन टनल निर्माण कार्य के चलते पिछले कई महीनों से क्षेत्र में जमीन की स्थिरता प्रभावित हो रही है। घरों में दरारें आने लगी हैं और पिछले बरसात में एक बहुमंजिला भवन भी ढह गया था।
भट्टाकुफर वार्ड के पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि टनल निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं और इलाके में कई मकान अब जोखिम वाली श्रेणी में पहुंच चुके हैं। वहीं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह पहले ही NHAI को कटघरे में खड़ा कर चुके हैं और निर्माण कार्य की गहन जांच की मांग कर रहे हैं।
भट्टाकुफर से चलौठी तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी टनल का निर्माण अभी जारी है। इसके ठीक ऊपर घनी आबादी बसी है, जिसके कारण लोगों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार की घटना के बाद लोग अपनी सुरक्षा को लेकर और भी ज्यादा चिंतित हो गए हैं और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।