NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला के रिज पर उमड़ी भीड़: सोनिया और प्रियंका गांधी करेंगी वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

शिमला/13/10/2025

anavaran

शिमला का ऐतिहासिक रिज मैदान आज पूरी तरह कांग्रेस रंग में रंगा नजर आ रहा है। हिमाचल के छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण को लेकर यहां हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा इस ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने के लिए शिमला पहुंच चुकी हैं। यह वही सोनिया गांधी हैं, जो बीते कई वर्षों से सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए थीं, लेकिन आज अपने पुराने साथी और हिमाचल के लोकप्रिय नेता वीरभद्र सिंह के सम्मान में खुद मौजूद हैं।

रिज मैदान को इस अवसर पर बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। सुबह से ही प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां पहुंचने लगे थे। बताया जा रहा है कि करीब दस हजार कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। कांग्रेस ने रिज पर लगभग सात हजार कुर्सियां लगवाई हैं, जबकि एक हजार अतिरिक्त कुर्सियां रिजर्व रखी गई हैं। प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर और आशा कुमारी शामिल हैं, पहले ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं।


यह कार्यक्रम वीरभद्र सिंह के पुत्र और मंत्री विक्रमादित्य सिंह के लिए भी बेहद भावनात्मक क्षण है। उन्होंने इसी साल फरवरी में अपने पिता की प्रतिमा न लगने से नाराज होकर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अब उनका यह सपना साकार होने जा रहा है। सुबह 11 बजे सोनिया और प्रियंका गांधी वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगी, जिसके बाद जनसभा का आयोजन होगा।

प्रतिमा के निर्माण की बात करें तो इसे देश के प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने तैयार किया है — वही कलाकार जिन्होंने महात्मा गांधी और सरदार पटेल की कई प्रसिद्ध मूर्तियां बनाई हैं। यह प्रतिमा अष्टधातु से बनी है, जिसकी ऊंचाई 9 फीट है और इसे तैयार करने में करीब छह महीने और 24 लाख रुपये का खर्च आया है।

रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अब डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा के साथ स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही रिज पर एक फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें वीरभद्र सिंह के राजनीतिक सफर की झलक देखने को मिलेगी। शहर के कई हिस्सों में उनके पोस्टर लगाए गए हैं और समर्थक “वीरभद्र सिंह अमर रहें” के नारों से माहौल को जीवंत बना रहे हैं।

कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। शहर के हर कोने पर पुलिस बल तैनात है। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। वहीं, प्रवेश से पहले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है।

मुख्य मंच पर सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राजीव शुक्ला, रजनी पाटिल, सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला जैसे राष्ट्रीय नेता भी शिमला पहुंचे हैं। दिलचस्प बात यह है कि विक्रमादित्य सिंह ने इस कार्यक्रम के लिए विपक्षी नेताओं को भी आमंत्रण दिया है, जिससे यह आयोजन न केवल एक राजनीतिक बल्कि एक भावनात्मक एकता का प्रतीक बन गया है।

Scroll to Top