विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानियां पहुँचे बारबोडोस, 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
शिमला/04/10/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां अपनी अंतरराष्ट्रीय यात्रा के तहत आज प्रातः लंदन से बारबोडोस की राजधानी ब्रिजटाउन पहुँचे। उनके साथ विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार और विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी मौजूद रहे।
कुलदीप सिंह पठानियां कल से ब्रिजटाउन स्थित बारबोडोस संसद में आयोजित होने वाले 8 दिवसीय 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सम्मेलन के दौरान पठानियां तीन मुख्य विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
पठानियां ने कहा कि बारबोडोस पर्यटन की दृष्टि से कैरेबियन का स्वर्ग है। यह द्वीप नीले समुद्र, सफेद रेत वाले तटों, सुहावने मौसम, ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक विविधता के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि बारबोडोस न केवल प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने का अवसर देता है बल्कि सांस्कृतिक अनुभव में डूबने का भी मौका प्रदान करता है।
उन्होंने भारत और कैरेबियन द्वीप समूहों, जिसमें बारबोडोस भी शामिल है, के गहरे सांस्कृतिक और खेल संबंधों का उल्लेख किया। पठानियां ने कहा कि वेस्टइंडीज और भारत का क्रिकेट रिश्ता पूरी दुनिया में विख्यात है। वेस्टइंडीज की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में बारबोडोस का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने सर गारफील्ड सोबर्स, सर गॉर्डन ग्रीनिज, डेसमंड हेन्स, मैलकम मार्शल, सर क्लाइड वालकोट, सर एवर्टन वीक्स और जेसन होल्डर जैसे बारबोडोस के महान खिलाड़ियों का स्मरण किया।
पठानियां ने कहा कि ब्रिजटाउन पहुँचते ही उन्हें यहाँ के क्रिकेट खिलाड़ियों, स्वास्थ्य अनुकूल वातावरण और स्थानीय लोगों द्वारा अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत करने का अनुभव हुआ।
पठानियां और उनके साथियों का यह दौरा 5 से 12 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें वे सम्मेलन में सक्रिय रूप से भाग लेंगे और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।