श्री रेणुका जी अंतरराष्ट्रीय मेले में दंगल का दम—हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और हिमाचल के पहलवानों का शानदार मुकाबला
सिरमौर/02/11/2025
श्री रेणुका जी अंतरराष्ट्रीय मेले का दूसरा दिन रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। ऐतिहासिक रेणु मंच परिसर में आयोजित दंगल प्रतियोगिता ने मेले का आकर्षण और बढ़ा दिया। इस अखाड़े में सिर्फ हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से आए पहलवानों ने भी दमखम दिखाया। दर्शकों की तालियों और जयकारों के बीच पहलवानों ने शानदार दांव-पेंच लगाए, जिससे पूरा माहौल जोश से भर गया।
एसडीएम नाहन और रेणुका विकास बोर्ड के सदस्य सचिव राजीव सांख्यान ने बताया कि दंगल मेले की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस वर्ष भी इसे बड़े स्तर पर आयोजित किया गया। उनके अनुसार, बाहरी राज्यों के पहलवानों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। उन्होंने बताया कि पहलवानों की उत्साहजनक हिस्सेदारी मेले की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।
प्रतियोगिता में विजेता पहलवान को ₹31,000 और उपविजेता को ₹21,000 की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं, स्थानीय हिमाचली पहलवानों की मांग पर एक अलग माली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विजेता को ₹11,000 और उपविजेता को ₹7,000 नकद पुरस्कार दिया गया।
राजीव सांख्यान ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की कि मेले के दौरान प्रतिदिन आयोजित होने वाली रेणुका वंदन आरती में शामिल हों और इस दिव्य वातावरण का अनुभव करें। दंगल प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और धार्मिक अनुष्ठानों ने मेले के दूसरे दिन को पूरी तरह यादगार बना दिया।