श्री विष्णु देव मतलोड़ा का फरमान: सोशल मीडिया पर नाम का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित
मंडी/17/09/2025
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र के प्रसिद्ध आराध्य श्री विष्णु देव मतलोड़ा ने अपने नाम से सोशल मीडिया पर संचालित सभी पेजों और सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सख्त आदेश जारी किया है। मंगलवार को सात हारों के झाड़े में देवता ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अब उनके नाम से कोई भी वीडियो, फोटो या अन्य सामग्री सोशल मीडिया पर साझा नहीं की जाएगी। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों को कठोर दंड दिया जाएगा।
देव आदेश पर यह निर्णय देवता के जज ओम प्रकाश और अध्यक्ष ओम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में लिया गया। इस बैठक में देवता के कारदारों और देवलुओं ने भी भाग लिया। देवता की नाराजगी उनके नाम से सोशल मीडिया पर हो रहे प्रचार-प्रसार को लेकर थी, जिसे अनुचित मानते हुए देवता कमेटी को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
देवता के पुजारी पुष्प राज शर्मा ने आदेश की पुष्टि करते हुए कहा कि देवता की भावना का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया गया है और सातों हारों को इस आदेश का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। बैठक में इस फैसले को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।