सिरमौर में अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की तैयारियाँ पूरी , 31 अक्तूबर से शुरू होगा भव्य मेला
सिरमौर | सिरमौर जिले के ददाहू में 31 अक्तूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले की तैयारियाँ पूरी हो गई हैं। बुधवार को नाहन में बैठक आयोजित की गई, जिसमें रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष और विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने मेले की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को अंतिम दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, स्नान घाटों का निरीक्षण, रेणु मंच के विस्तार और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की गई। विनय कुमार ने कहा कि यह मेला सिरमौर जिले की संस्कृति और आस्था का प्रतीक है, इसलिए इसका आयोजन पूरी भव्यता और श्रद्धा के साथ होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और जल-विद्युत जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महासचिव मित्र सिंह तोमर, रेणुका विकास बोर्ड के सीईओ भरत सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, एसएचओ प्रियंका चौहान, वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप महेरा, सहायक अभियंता मनीत भारद्वाज सहित अन्य अधिकारियों और बोर्ड के गैर-सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।
विनय कुमार ने आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का मेला भव्य और सुरक्षित रूप से संपन्न होगा, जिससे सिरमौर जिले में श्रद्धा, संस्कृति और पर्यटन का समन्वय भी बढ़ेगा।