NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सिरमौर के कालाअंब में सरिया फैक्ट्री में भीषण हादसा, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

सिरमौर - 21/08/2025

sirmaur

सिरमौर | जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शनिवार सुबह एक सरिया फैक्ट्री में भीषण हादसा हुआ। उद्योग में पिघले हुए लोहे की बाल्टी का गियर फिसलने से दो मजदूरों पर गर्म लोहा गिर गया। इस हादसे में एक मजदूर रामविलास साहनी (53), निवासी बिहार, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तुरंत हरियाणा के नारायणगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।

घटना सुबह लगभग 7:30 बजे हुई। जानकारी मिलते ही कालाअंब पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि हादसा त्रिलोकपुर रोड स्थित इस उद्योग में पिघले लोहे की बाल्टी को ले जा रही क्रेन के गियर के फिसल जाने से हुआ। मौके पर काम कर रहे मजदूर भट्ठी में कच्चा माल डाल रहे थे कि अचानक बाल्टी से पिघला लोहा गिर गया।

हादसे के बाद मजदूरों ने फैक्ट्री के बाहर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और लापरवाही के आरोप लगाए। मजदूरों का कहना है कि सुबह ही मेंटेनेंस इंजीनियर ने मशीनों की जांच की थी, बावजूद इसके यह हादसा हुआ।

एसपी नेगी ने कहा, "कालाअंब में सरिया उद्योग में हादसे में एक मजदूर की मौत हुई है, जबकि एक की हालत गंभीर है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।"

यह हादसा औद्योगिक क्षेत्र में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी घटनाओं में से एक माना जा रहा है, जिसने सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Scroll to Top