हिमाचल में विकास का मॉडल अब बदलेगा: विक्रमादित्य सिंह
शिमला। हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं और लगातार बढ़ते पर्यावरणीय संकटों के बीच, हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विकास के मौजूदा मॉडल पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा विकास, जिसमें विनाश शामिल हो, उसे अब बदलना होगा।
सोशल मीडिया पर साझा संदेश में विक्रमादित्य सिंह ने स्पष्ट किया कि हिमाचल में विकास केवल सस्टेनेबल (टिकाऊ) होना चाहिए। उन्होंने अपील की कि इस मुद्दे पर सभी दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचना होगा।
उन्होंने कहा, “विकास का मॉडल जिसमें विनाश हों, हमें बदलना होगा। हिमाचल में विकास केवल सस्टेनेबल होना चाहिए। इस पर अब हम सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचना होगा।”
विशेषज्ञों का भी मानना है कि राज्य में अनियोजित निर्माण, खनन और बेतहाशा कटाई ने प्राकृतिक संतुलन को बिगाड़ा है, जिसके कारण आपदाओं की तीव्रता बढ़ रही है। विक्रमादित्य सिंह के बयान को पर्यावरण के हित में एक अहम पहल माना जा रहा है।