NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाना पड़ा भारी

मंडी।23।08।2025

fake news

मंडी : सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों के भ्रामक और गलत जानकारी फैलाना अब भारी पड़ सकता है। हिमाचल प्रदेश में पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में कुछ मामलों में पुलिस ने सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी पोस्ट करने वाले तीन युवकों को पुलिस थाने में तलब किया है। उनसे पूछा गया है कि यह जानकारी उन्हें कहाँ से मिली और उन्होंने इसे क्यों वायरल किया। पुलिस विभाग की टीम ऐसी गलत जानकारी वाली पोस्ट करने वाले लोगों की पहचान कर रही है और उन्हें पूछताछ के लिए बुला रही है।

पुलिस अधीक्षक ने दी चेतावनी, इन्फ्लुएंसर ने मांगी माफी मंडी पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस के ध्यान में आया है कि कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बिना तथ्यों की जांच किए ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक मामले में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने थाने में आकर गलत जानकारी वाली पोस्ट करने के लिए लिखित में माफी भी मांगी है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि गलत जानकारी वाली पोस्ट पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

औट टनल हादसे को लेकर फैलाई थी अफवाह 15 अगस्त को औट टनल के पास दो वाहनों के बीच टक्कर हो गई थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। लेकिन कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इस घटना को लेकर यह झूठी खबर फैला दी कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। यह गलत जानकारी तेजी से वायरल हो गई थी। पुलिस ने इस तरह एनएच पर मंडी-कुल्लू के बीच की स्थिति को लेकर भी फैलाई गई अफवाहों पर सख्ती दिखाई है।

पुलिस का कहना है कि वे सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और उपयोगकर्ताओं से अपील करते हैं कि वे किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। जो लोग गलत जानकारी फैलाकर समाज में भ्रम पैदा करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top