सोलन में बड़ी कार्रवाई: नशा तस्कर धनी राम की 6.34 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त
सोलन | हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी फाइनेंशियल कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए 6.34 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा की गई फाइनेंशियल जांच के दौरान सामने आई, जो कुनिहार क्षेत्र में दर्ज एक नशा तस्करी मामले से जुड़ी थी।
एसपी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी धनी राम उर्फ गलू, जो लंबे समय से कुनिहार, सोलन, अर्की, दाड़लाघाट, बिलासपुर और शिमला क्षेत्रों में सक्रिय था, सुनियोजित ढंग से नशे का कारोबार चला रहा था। पुलिस पिछले डेढ़ साल से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
18 सितंबर 2025 को सायर मेला अर्की के दौरान जब पुलिस अन्य ड्यूटी में व्यस्त थी, तभी आरोपी ने बड़े पैमाने पर नशा बेचने की कोशिश की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की 16 सदस्यीय टीम ने धनी राम के घर, भोजनालय और होमस्टे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान 1.624 किलोग्राम अफीम और 1.622 किलोग्राम चरस बरामद की गई।
सोफे और कपबोर्ड में बने गुप्त बॉक्स में छिपाया था नशा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बड़ी चालाकी से अपने घर में लकड़ी की पैनलिंग और सोफे के अंदर गुप्त बॉक्स बनाकर नशे का सामान छिपाया था। यहां तक कि भगवान की फोटो के पीछे भी एक गुप्त खांचा बनाया गया था ताकि किसी को शक न हो।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि धनी राम का कोई वैध व्यवसाय नहीं था और उसकी वार्षिक आय केवल 18,000 रुपए के आसपास थी। इसके बावजूद उसने नशे के पैसों से आलीशान पांच मंजिला मकान, रेस्टोरेंट, होमस्टे, जेसीबी, टिप्पर, अन्य वाहन, सोने के गहने और बैंक खातों में बड़ी रकम जमा कर रखी थी।
पुलिस ने धनी राम की इन सभी संपत्तियों, जिनकी कुल कीमत 6 करोड़ 34 लाख रुपए से अधिक है, को जब्त कर लिया है। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी के बैंक खातों में पिछले कुछ वर्षों में 3 करोड़ रुपए से ज्यादा का लेनदेन हुआ है।
एसपी गौरव सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस की “ड्रग्स फ्री हिमाचल” मुहिम की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। आने वाले दिनों में नशे के कारोबार से जुड़ी अन्य संपत्तियों की भी फाइनेंशियल जांच जारी रहेगी।