कांग्रेस नेता कुशल जेठी ने थामा भाजपा का दामन, डॉ बिंदल ने कराया जॉइन
भाजपा ने 18000 रहता किट और 42 ट्रक राहत सामग्री आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचने का काम किया : डॉ बिंदल
सोलन | हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए कांग्रेस नेता कुशल जेठी ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। इस मौके पर सोलन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने उन्हें पार्टी में शामिल किया।
कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में जेठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब पूरी तरह टूट रही और बिखर रही है। उन्होंने पार्टी पर आरोप लगाया कि तीन साल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार जनता और कार्यकर्ताओं के बीच असफल रही है। जेठी ने कहा, "पार्टी में ना कोई संगठन सक्रिय है और ना कोई संवाद। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तक कार्यकर्ताओं से नहीं मिलते। ऐसे में काम कैसे होगा?
उन्होंने भाजपा को एकमात्र पार्टी बताया जो वास्तव में जनसेवा के लिए समर्पित है और कहा कि वे भाजपा में शामिल होकर समाज के लिए सार्थक कार्य करना चाहते हैं।
डॉ. बिंदल का कांग्रेस पर तीखा हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल में आई तीन चरणों की आपदाओं — मंडी, कुल्लू और चंबा — में भाजपा पूरी तरह से फील्ड पर सक्रिय रही है, जबकि कांग्रेस के नेता लापता हैं।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने अब तक 18,000 राहत किट आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचाई हैं, जिनमें एक महीने का भोजन, तारपाल, बाल्टी, मग जैसी जरूरी वस्तुएं शामिल हैं। चंबा जिले के लिए 22 ट्रक राहत सामग्री और 4,800 राहत किट और भेजी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के राज्यपाल स्वयं चंबा में एक बड़ी राहत खेप पहुंचाएंगे।
डॉ. बिंदल ने कहा, "जब आपदा आई, भाजपा कार्यकर्ता 24 घंटे के भीतर फील्ड पर थे, लेकिन कांग्रेस के नेता आज तक नजर नहीं आए।"