सोलन में स्टंटबाज़ी पर पुलिस की सख्ती: बिना लाइसेंस और डिफेक्टिव साइलेंसर वाले युवक पर ₹10,000 का चालान
सोलन/01/11/2025
सोलन पुलिस ने तेज रफ्तार और शोरगुल करने वाले बाइक सवारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। 31 अक्टूबर को यातायात पुलिस की टीम शहर में गश्त कर रही थी, तभी टीम को सूचना मिली कि सोलन बाईपास सब्जी मंडी के पास एक हरी रंग की बाइक तेज रफ्तार और अत्यधिक शोर के साथ दौड़ाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक की तलाश की और उसे पुराना बस स्टैंड के पास रोक लिया।
पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम प्रवीण कुमार, निवासी शशि गार्डन, मयूर विहार (नई दिल्ली) बताया। जब पुलिस ने उससे ड्राइविंग लाइसेंस मांगा तो वह कोई भी लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद बाइक के साइलेंसर की जांच की गई, जो डिफेक्टिव पाया गया और असामान्य रूप से तेज आवाज कर रहा था।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए —
धारा 190(2) के तहत डिफेक्टिव साइलेंसर, और
धारा 181 के तहत बिना ड्राइविंग लाइसेंस चलाने का मामला दर्ज कर
बाइक सवार का ₹10,000 का चालान काटा।
सोलन पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक तेज गति से बाइक चलाने के साथ खतरनाक स्टंट करते हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। इसी कारण पुलिस ने ऐसे स्टंटबाज़ों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि शहर में शोरगुल, स्टंटबाज़ी और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।