सोलन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गाँव बावरा से दो युवक प्रतिबंधित नशीली दवाइयों सहित गिरफ्तार
सोलन/23/11/2025
दिनांक 22 नवंबर 2025 को पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने गश्त व अपराध रोकथाम के दौरान एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि गांव बावरा में मुकेश उर्फ तोई और राजेश चौहान नशीली व प्रतिबंधित दवाइयों की खरीद–फरोख्त में लगे हुए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर गांव बावरा बसाल में दबिश दी और दोनों आरोपियों को काबू में किया।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान राजेश चौहान (31 वर्ष) निवासी भैरवपुर खुर्मा, जिला महूं (उ.प्र.), हाल निवासी गांव बावरा सोलन, और मुकेश उर्फ तोई (37 वर्ष) निवासी गांधी मोहल्ला, चौक बाजार सोलन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके कब्जे से 950 नशीली दवा टैबलेट्स (Tapentadol) और ₹12,710 नकद बरामद किए। पूछताछ के दौरान आरोपी कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस के अनुसार बरामद की गई दवाएं Drug & Cosmetic Act के अंतर्गत प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं। इसी के तहत दोनों के खिलाफ धारा 18 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद नशीली दवाइयों सहित दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई हेतु ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले कर दिया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुकेश उर्फ तोई का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही पुलिस थाना सदर सोलन में चोरी से संबंधित 4 मामले दर्ज हैं, साथ ही नशीली दवाइयों से जुड़े कई अन्य मामले भी उसके खिलाफ पंजीकृत हैं। दूसरे आरोपी राजेश चौहान के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें और कौन–कौन शामिल हो सकता है। पुलिस ने कहा कि शहर में नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।