NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सलोगड़ा में बड़ा हादसा टला — चालक की सूझबूझ से बचीं 50 जिंदगियाँ

सोलन/01/11/2025

bus

सोलन जिले के सलोगड़ा क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया, जब अम्बाला से छात्रों को लेकर सोलन घूमने आई एक स्कूल बस अचानक ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हो गई। बस में लगभग 50 विद्यार्थी और स्टाफ सदस्य सवार थे। ढलान पर बस की स्पीड लगातार बढ़ रही थी, लेकिन बस चालक की त्वरित सूझबूझ और साहसिक निर्णय ने 50 जिंदगियाँ बचा लीं।

बस नंद लाल गीता विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, टिपला (अम्बाला) की थी और सभी यात्री मोहन शक्ति नेशनल हैरिटेज पार्क घूमने जा रहे थे। जैसे ही बस सलोगड़ा के पास हरठ रोड पर पहुंची, प्रैशर ब्रेक अचानक काम करना बंद कर गई। ढलान की वजह से बस की रफ्तार तेज होने लगी, और यात्रियों में घबराहट का माहौल बन गया।

चालक प्रवेश कुमार ने समझदारी दिखाते हुए बस को नियंत्रित करने की कोशिश की। जब कोई विकल्प नहीं बचा, तो उन्होंने बस को सड़क किनारे मौजूद मिट्टी के बड़े ढेर की ओर घुमा दिया। मिट्टी में चढ़ते ही बस की रफ्तार कम हुई और वाहन पूरी तरह रुक गया। यह फैसला सेकेंडों में लिया गया, और इसी साहसिक कदम ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।

बड़ी बात यह रही कि इस घटना में एक भी छात्र या स्टाफ सदस्य को चोट नहीं आई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और छात्रों को संभाला। बाद में क्रेन की मदद से बस को हटाया गया और प्रशासन ने बच्चों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की।

यात्रियों और अभिभावकों ने चालक की बहादुरी और समझदारी की सराहना की। समय रहते लिया गया फैसला 50 परिवारों को दर्दनाक हादसे से बचा गया।

Scroll to Top