NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सोनिया गांधी शिमला पहुंचीं: सोमवार को वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का होगा अनावरण, राजधानी में राजनीतिक हलचल

शिमला/12/10/2025

soniya

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार, 13 अक्टूबर को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित होगा। इस खास मौके पर कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी रविवार, 12 अक्टूबर को दोपहर में शिमला पहुंचीं। उनका स्वागत प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया।

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम रिज मैदान पर सुबह 10 बजे से शुरू होगा। समारोह में लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी और हिमाचल कांग्रेस के कई बड़े नेता भी मौजूद रह सकते हैं। प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होकर वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। समारोह के आयोजन के लिए राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने निमंत्रण पत्र जारी किए हैं।

सोनिया गांधी के शिमला आगमन पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोशल मीडिया पर लिखा, “कांग्रेस संसदीय दल की नेता एवं हमारी प्रेरणास्त्रोत श्रीमती सोनिया गांधी जी का शिमला आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। आपका सान्निध्य हम सभी के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और मार्गदर्शक है।”

वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश की राजनीति के महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की कमान छह बार संभाली और आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माता माने जाते हैं। केंद्र में राज्य मंत्री और कैबिनेट मंत्री के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रेरणा से हुई थी। उन्होंने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पी.वी. नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह के साथ काम किया और अटल बिहारी वाजपेयी के भी समीप रहे।

समारोह के दौरान राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रभारी रजनी पाटिल और अन्य वरिष्ठ नेता शिमला में मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर वीरभद्र सिंह के योगदान और उनके आदर्शों को याद करते हुए प्रदेश में राजनीतिक हलचल भी देखने को मिलेगी।

Scroll to Top