NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

स्पीति घाटी में संकट: 130 KM पैदल चलकर कुल्लू पहुँचे 12 सैलानी

कुल्लू/29/08/2025

lahul

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कुल्लू और मनाली पूरी तरह बाहरी दुनिया से कट गए हैं, वहीं लाहौल–स्पीति की घाटी में भी सैकड़ों सैलानी फंसे हुए हैं। इसी बीच छतडू में फंसे कपड़ा व्यापारी विजय और उनके साथ 11 अन्य लोगों ने 130 किलोमीटर पैदल सफर तय कर बड़ी मुश्किल से कुल्लू तक पहुंचने में सफलता पाई। विजय ने बताया कि वे काजा मेले में कपड़े बेचने गए थे, लेकिन लौटते वक्त 24 अगस्त को अचानक नाले में बाढ़ आने से छतडू के पास फंस गए।

उन्होंने कहा कि हालात इतने भयावह थे कि जगह-जगह फ्लैश फ्लड से नाले उफान पर थे और सैकड़ों वाहन चालक वहीं फंसे हुए थे। मोबाइल कनेक्टिविटी न होने से मदद बुलाना भी नामुमकिन था। तीन दिन लगातार पैदल चलते हुए समूह ने मनाली होते हुए कुल्लू का रास्ता तय किया। विजय ने प्रशासन से अपील की कि फंसे लोगों के लिए जल्द से जल्द भोजन और पानी की व्यवस्था की जाए।

प्रशासन ने हालात को देखते हुए सिस्सू में एक 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया है। लाहौल–स्पीति की डीसी किरण भड़ाना ने बताया कि सहायता के लिए लोग 7018470723 पर संपर्क कर सकते हैं। अभी भी सिस्सू से केलांग की ओर करीब 550 से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं। तेलिंग नाले में आई बाढ़ से हाईवे टूट जाने के कारण राहत और बचाव कार्यों में दिक्कत आ रही है। प्रशासन ने बताया कि फंसे हुए सभी सैलानियों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान जारी है।

Scroll to Top