NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सुजानपुर में आवारा कुत्ते का कहर: तीन घंटे में 24 लोगों पर हमला, शहर में दहशत

हमीरपुर/04/11/2025

dogs

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर शहर में सोमवार सुबह एक आवारा कुत्ते ने लोगों में आतंक फैला दिया। भूरे रंग का यह कुत्ता सुबह 7 बजे से लेकर लगभग 10 बजे तक शहर की अलग–अलग गलियों में घूमता रहा और जो भी उसके रास्ते में आया, उस पर हमला करता गया। लगातार करीब साढ़े तीन घंटे तक किए गए हमलों में 24 लोग घायल हो गए, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएँ और स्कूली बच्चे भी शामिल हैं।

पहला हमला सुजानपुर मुख्य बस स्टैंड के पास सिद्धू चौक स्थित बाबा स्वरूप गिर मंदिर के समीप हुआ, जहाँ पैदल जा रहे दो लोगों पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। इसके बाद कुत्ता कई मोहल्लों—बोहणी, वार्ड नंबर 4 और मुख्य बाजार—में घومता रहा और लोगों को काटता गया। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुत्ता बेकाबू हालत में था और अचानक पीछे से आकर काट रहा था, जिससे लोग संभल भी नहीं पाए।

घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सुजानपुर लाया गया, जहाँ उनका इलाज और एंटी रैबीज़ दवा दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ लोगों के घाव काफी गहरे हैं और कुछ मरीजों को आगे जांच के लिए रेफर किया गया है।

जैसे ही घटना की सूचना प्रशासन तक पहुँची, एसडीएम विकास शुक्ला और नगर परिषद के अधिकारी रमन कुमार शर्मा टीमों के साथ मौके पर पहुँचे। नगर परिषद ने कुत्ते को पकड़ने के लिए अलग-अलग इलाकों में खोज अभियान शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कुत्ता पकड़ा नहीं जा सका था।

हमले का शिकार हुए एक व्यक्ति ने बताया,

"मैं सुबह सैर के लिए गया था, अचानक कुत्ता पीछे से आया और काट लिया। बाद में पता चला कि वह लगभग 25 लोगों को काट चुका है। पूरा शहर डर के माहौल में है।"

हमले के बाद शहर में दहशत फैल गई। कई लोगों ने बच्चों को घर से बाहर न निकलने दीया और बाजारों में भी सन्नाटा सा फैल गया। लोग दरवाज़े बंद कर घरों में ही रहने को मजबूर हुए।

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से जल्द कार्रवाई करने और शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों की संख्या पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय पर कुत्ते को नहीं पकड़ा गया, तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Scroll to Top