NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

संजय शर्मा का आरोप: सुक्खू सरकार केंद्र के 1050 करोड़ खर्चने में नाकाम

धर्मशाला/05/10/2025

sharma

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार केंद्र से मिले धन का सही उपयोग नहीं कर पा रही है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए केंद्र ने 954 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन सुक्खू सरकार ने इसका आधा भी खर्च नहीं किया।

संजय शर्मा ने चेतावनी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को 1050 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी है, लेकिन पिछले अनुभवों को देखते हुए यह स्पष्ट है कि यह राशि भी धरा का धरा रह जाएगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में हिमाचल दौरे पर आए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मातृ-शिशु सुरक्षा योजना के लिए 123 करोड़ रुपये दिए और मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि केंद्र द्वारा प्रदेशवासियों के भले के लिए भेजा गया पैसा खर्च किया जाए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की बदहाल स्थिति इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। संजय शर्मा ने चेतावनी दी कि यह निकम्मापन केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के अन्य विभागों में भी यही स्थिति है। उन्होंने कांग्रेस सरकार से कहा कि गाली-गलौज और केंद्र सरकार पर आरोप लगाने की राजनीति छोड़कर विकास पर ध्यान दें। अगर सुक्खू सरकार ने जल्द ही नीति नहीं बदली और केंद्र से मिले पैसों का सही उपयोग नहीं किया, तो जनता इसे सबक सिखाएगी।

Scroll to Top