NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सुक्खु सरकार की महिला विरोधी सोच उजागर — मेयर पद से महिलाओं का हक छीना : डेज़ी ठाकुर

daizythakur
शिमला | हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने बड़ा हमला बोला है। मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष डेज़ी ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार की महिला विरोधी मानसिकता एक बार फिर उजागर हो गई है।

डेज़ी ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने करीबी मित्र मेयर को बचाने और खुश करने के लिए शिमला नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यकाल को पाँच वर्ष करने का निर्णय लिया, जिससे इस बार महिला को मेयर बनने का अवसर छिन गया। उन्होंने कहा कि यह कदम न सिर्फ लोकतंत्र और आरक्षण प्रणाली पर प्रहार है, बल्कि महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों का भी हनन है।

भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा, “कांग्रेस सरकार महिला सशक्तिकरण की बातें तो करती है, लेकिन व्यवहार में यह पूरी तरह महिला विरोधी है। सुक्खु सरकार ने महिलाओं के हक पर डाका डालने का काम किया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने महिलाओं को ₹1500 प्रति माह भत्ता देने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ।

डेज़ी ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खु की मानसिकता इस बात से भी स्पष्ट होती है कि तीन साल के कार्यकाल में उन्होंने अपने मंत्रिमंडल में एक भी महिला मंत्री शामिल नहीं की। अब जब कांग्रेस के पास महिला विधायक कमलेश ठाकुर और अनुराधा राणा दोनों हैं, तब भी किसी को कैबिनेट में स्थान नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक मानती है, न कि निर्णय प्रक्रिया की भागीदार। भाजपा महिला मोर्चा ने ऐलान किया है कि वह इस अन्याय के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगा और महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की बहाली की मांग करेगा।

डेज़ी ठाकुर ने कहा, “मुख्यमंत्री सुक्खु को याद रखना चाहिए कि महिलाओं की शक्ति को नजरअंदाज करने वाली हर सरकार को जनता सबक सिखाती है। हिमाचल की महिलाएं जागरूक हैं और अपने हक की लड़ाई लड़ना जानती हैं।”
Scroll to Top