NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सुक्खू सरकार ने चौकीदारों की वेतनवृद्धि वापस ली, मंडी में गुस्से से भड़के पंचायत चौकीदार

मंडी/22/09/2025

veatm

मंडी। हिमाचल प्रदेश के पंचायत चौकीदारों में नाराज़गी तेज हो गई है क्योंकि सरकार ने उनकी 25 रुपये दैनिक वेतनवृद्धि की रिकवरी के आदेश जारी कर दिए हैं। यह फैसला मंडी जिला पंचायत चौकीदार संघ की बैठक में मुख्य मुद्दा बना, जो रविवार को माता भीमाकाली मंदिर परिसर में जिलाध्यक्ष घनश्याम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई।

चौकीदार संघ ने बताया कि मार्च 2024 में प्रदेश सरकार ने दिहाड़ीदार पंचायत चौकीदारों के वेतन में 25 रुपये की वृद्धि की थी। चौकीदारों को इस बढ़ोतरी का लाभ भी मिलना शुरू हो गया था। लेकिन अब विभाग ने यह कहते हुए रिकवरी शुरू कर दी है कि यह भुगतान बिना आधिकारिक नोटिफिकेशन के जारी कर दिया गया था।

संघ के अध्यक्ष घनश्याम ठाकुर ने मांग की कि सरकार तुरंत रिकवरी आदेशों को वापस ले। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि चौकीदारों की सेवानिवृत्ति आयु 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष की जाए, 12 साल सेवा पूरी कर चुके चौकीदारों को नियमित किया जाए और कार्य की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उचित वेतनमान दिया जाए।

संघ के सचिव राजकुमार ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे प्रदेश सरकार नहीं बल्कि पंचायती राज विभाग के अधिकारी फैसले ले रहे हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो चौकीदार न्यायालय का दरवाजा खटखटाने और आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।

रिकवरी आदेशों के चलते चौकीदारों में असंतोष गहराता जा रहा है और आने वाले दिनों में प्रदेशव्यापी विरोध की आशंका बढ़ गई है।

Scroll to Top