सुक्खू सरकार संविधान की धज्जियां उड़ा रही : जयराम ठाकुर का बड़ा आरोप
शिमला/29/08/2025
शिमला : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश नगर निगम संशोधन विधेयक 2025 को संविधान का खुला उल्लंघन करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक कांग्रेस सरकार की नाकामियों को छुपाने और चुनाव में हार से बचने का एक शातिराना प्रयास है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह विधेयक भारतीय संविधान के अनुच्छेद 243 (यू) का उल्लंघन करता है, जिसमें स्पष्ट है कि निकाय का कार्यकाल 5 साल से अधिक नहीं हो सकता और यदि निकाय भंग होता है तो छह माह के भीतर चुनाव कराना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार कोई सरकार इतनी खुलकर संविधान की धज्जियां उड़ा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार शातिराना तरीके से संस्थानों को बंद कर रही है। पहले शिक्षकों की कमी जानबूझकर पैदा की जाती है और फिर जीरो एनरोलमेंट का बहाना बनाकर स्कूल बंद कर दिए जाते हैं। अब तक करीब 2000 से अधिक संस्थान बंद किए जा चुके हैं, जबकि सरकार का काम नए संस्थान खोलना और लोगों को सुविधा देना होता है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह सब राजनीतिक विद्वेष के कारण किया जा रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर भी बड़ा हमला बोला। ठाकुर ने कहा कि वोट अधिकार यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता जी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई, जो लोकतंत्र और सामाजिक मूल्यों पर कलंक है। बिहार की धरती से इस तरह की टिप्पणी करना वहां की संस्कृति का अपमान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को देश से माफी मांगनी चाहिए। यह कांग्रेस की कुंठा और उसकी असली संस्कृति को दर्शाता है।
नेता प्रतिपक्ष ने अपने आवास पर भाजपा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत भी किया। इस अवसर पर भाजपा महासचिव डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सनी शुक्ला मौजूद रहे। जयराम ठाकुर ने सभी को बधाई देते हुए पार्टी कार्यों में जी-जान से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कंधों पर सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और हाल की आपदाओं के दौरान राहत कार्यों में उनके योगदान की सराहना की।