सतलुज किनारे फंसे रहे मजदूर 4 दिन बाद रेस्क्यू किए
रिकांगपिओ। 16|08|2025
रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के पूह क्षेत्र में बादल फटने और होजो नाले में आई बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए। बाढ़ से सतलुज नदी पर बना पुल टूट गया, जिसके चलते एक निजी कंपनी के चार मजदूर दूसरी ओर फंस गए। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को रिषि डोगरी घाटी के ऊपरी इलाकों में बादल फटने से अचानक पानी बढ़ गया और सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के ढारे बह गए। मजदूर किसी तरह भागकर अपनी जान तो बचा पाए, लेकिन चार लोग नदी के उस पार फंस गए और जंगल में बारिश के बीच चार दिन गुजारने को मजबूर हो गए। शुक्रवार को एनडीआरएफ की टीम और सेना ने संयुक्त अभियान चलाकर हाई-एल्टीट्यूड लॉजिस्टिक ड्रोन और नाइट-ऑपरेशन उपकरण की मदद से इन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। यह रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच अंजाम दिया गया।