शिमला के ठियोग NH-5 पर टारिंग तीन दिन में उखड़ी, संदीपनी बोले—कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर
शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि अब सड़क मरम्मत जैसे बुनियादी काम भी इसकी चपेट में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के “व्यवस्था परिवर्तन” का मतलब अब “भ्रष्टाचार परिवर्तन” बनकर रह गया है।
संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि जिला शिमला के ठियोग में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 की मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। महज तीन दिन पहले की गई टारिंग जगह-जगह से उखड़ने लगी है, जिससे करोड़ों के खर्च पर किए गए निर्माण कार्य की पोल खुल गई है।
उन्होंने बताया कि ठियोग बाजार में विधायक कुलदीप राठौर ने हाल ही में करीब 2.25 किलोमीटर लंबे हिस्से की टारिंग का शुभारंभ किया था, जिस पर 3.23 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन कुछ ही दिनों में डामर उखड़ने से स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंचों से भले ही गुणवत्ता की बात करते हों, लेकिन जमीनी स्तर पर विभागीय अधिकारी और ठेकेदार केवल कागजों पर विकास दिखा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर साल करोड़ों रुपए सड़कों की मरम्मत पर खर्च करती है, मगर घटिया कामों के कारण कुछ ही महीनों में सड़कें फिर खराब हो जाती हैं।
संदीपनी भारद्वाज ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सड़क मरम्मत कार्यों में इसी तरह का भ्रष्टाचार फैला हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जो ठेकेदार कांग्रेस नेताओं के करीबी हैं, उन्हें ठेके और भुगतान दोनों मिल रहे हैं, जबकि जो ईमानदारी से काम कर रहे हैं, उनके बिल अटका दिए जाते हैं।
संदीपनी भारद्वाज ने कहा, “प्रदेश की सड़कों में गड्ढे तो पहले भी थे, लेकिन अब उन गड्ढों को भरने के नाम पर भ्रष्टाचार के नए गड्ढे खोदे जा रहे हैं। सरकार को जनता की गाड़ी कमाई का हिसाब देना होगा।”