कांग्रेस सरकार पंचायती राज चुनाव टालने में व्यस्त, सीएम-मंत्री के दावे भी झूठे - त्रिलोक जमवाल
शिमला | भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक जमवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की वर्तमान सरकार लगातार पंचायती राज चुनावों से भागती दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव टालने की कोशिश में है क्योंकि इस बार कांग्रेस के उम्मीदवारों के जीतने की संभावना कम है।
त्रिलोक ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में कुल 3,577 पंचायतें हैं और मौजूदा प्रतिनिधियों का कार्यकाल 23 जनवरी 2026 को समाप्त हो रहा है। चुनाव 23 जनवरी से पहले कराना संवैधानिक बाध्यता है। चुनाव समय पर न करवाने की कोशिशें प्रदेश में पहले कभी नहीं देखी गई हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह बार-बार कहते रहे हैं कि चुनाव समय पर होंगे, लेकिन आरक्षण रोस्टर अभी तक जारी नहीं किया गया। यह हाईकोर्ट के आदेशों का उल्लंघन है, जिसके मुताबिक चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से कम से कम 90 दिन पहले रोस्टर जारी करना जरूरी है ताकि किसी व्यक्ति को आपत्ति होने पर चुनौती देने का समय मिल सके।
त्रिलोक जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ऐसी परिस्थितियां बना रही है कि जनता की इच्छाओं का कोई महत्व नहीं रह गया है।
साथ ही, भाजपा ने केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश को 51.79 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने के लिए धन्यवाद किया। यह राशि ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के आधारभूत ढांचे, नए स्वास्थ्य केंद्रों, बिस्तरों और उपकरणों की खरीद में खर्च की जाएगी।