NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

ट्रम्प का बड़ा आरोप: भारत, चीन, पाकिस्तान समेत 23 देश अवैध ड्रग्स उत्पादन और ट्रांजिट की लिस्ट में शामिल

america

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी हालिया प्रेसिडेंशियल डिटरमिनेशन रिपोर्ट में भारत, चीन और पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाते हुए इन्हें अवैध ड्रग्स उत्पादन और ट्रांजिट करने वाले 23 देशों की सूची में शामिल किया है। रिपोर्ट अमेरिकी कांग्रेस में पेश की गई, जिसमें कहा गया कि ये देश या तो नशीले पदार्थों के बड़े उत्पादक हैं या फिर ट्रांजिट रूट का हिस्सा बने हुए हैं।

अमेरिका ने चीन पर सबसे कड़े आरोप लगाते हुए उसे दुनिया का सबसे बड़ा ड्रग प्रीकर्सर केमिकल सप्लायर बताया। वहीं अफगानिस्तान को अफीम उत्पादन का सबसे बड़ा केंद्र माना गया। भारत और पाकिस्तान पर भी यह आरोप लगाया गया कि ये देश ड्रग्स के ट्रांजिट और उत्पादन की समस्या से जूझ रहे हैं।

इस सूची में शामिल अन्य देशों में मेक्सिको, कोलंबिया, वेनेज़ुएला, बोलिविया, म्यांमार, ग्वाटेमाला, होंडुरास, निकारागुआ, पेरू, जमैका और डोमिनिकन रिपब्लिक जैसे देश भी हैं। इनमें से अफगानिस्तान, बोलिविया, म्यांमार, कोलंबिया और वेनेज़ुएला को विशेष श्रेणी में रखा गया है और इन्हें “failed demonstrably” घोषित किया गया है, यानी ये देश अंतरराष्ट्रीय समझौतों के मुताबिक ड्रग नियंत्रण दायित्वों को निभाने में विफल रहे हैं।

ट्रंप ने कहा कि इस सूची में शामिल किए जाने का मतलब यह नहीं है कि इन देशों की सरकारें निष्क्रिय हैं, बल्कि भौगोलिक और आर्थिक कारणों से ये देश नशे के कारोबार का हिस्सा बन जाते हैं। रिपोर्ट के सामने आने के बाद अब भारत और अन्य प्रभावित देशों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Scroll to Top