NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दैहण पंचायत में दो भाइयों ने पूरे परिवार पर दराट से किया जानलेवा हमला, चार लोग लहूलुहान

भवारना/07/10/2025

CRIME

भवारना: दैहण पंचायत में रात लगभग 9 बजे एक घर में दो सगे भाइयों ने दराट से हमला करके एक पूरे परिवार को लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, रात को दो युवक सुरेश कुमार के घर पहुंचे। जैसे ही सुरेश की पत्नी सरोज देवी ने दरवाजा खोला, दोनों हमलावरों ने अचानक उसकी छाती पर दराट से वार किया।

हमले के दौरान सरोज के हाथ पर भी वार किया गया, जिससे उसकी एक उंगली हड्डी सहित लटक गई। इसके बाद दोनों हमलावरों ने सुरेश कुमार और उनके बेटों ऋषि और मनीष पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुरेश और उनके बेटों के सिर और बाजू पर कई बार प्रहार किया गया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल भवारना लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि इस घटना को अंजाम देने वाले दो युवकों की पहचान अनुराग और शेखर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिन के समय लकड़ी काटने को लेकर सुरेश के बेटों से कहासुनी हुई थी, और इसी के चलते दोनों ने रात में यह हमला किया।

एसएचओ भवारना, गुरुदेव सिंह ने पुष्टि की कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें कल न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने हमले के संबंध में हत्या के प्रयास और घर में जबरन घुसने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी युवक घटना के पीछे के अन्य कारणों और संभावित साजिश को उजागर करने में जुटी है। घटना ने स्थानीय लोगों में भय और चिंता पैदा कर दी है।

Scroll to Top