कुल्लू में दो क्रिटिकल केयर अस्पतालों का निर्माण शुरू: लाखों लोगों को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा
कुल्लू/27/10/2025
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के लोगों को अब गंभीर बीमारियों या सर्जरी के लिए बाहरी जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सरकार की नई पहल के तहत कुल्लू और मनाली में दो अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर अस्पताल बनाए जा रहे हैं। इन अस्पतालों के बनने से कुल्लू, लाहौल-स्पीति, पांगी और मंडी के सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। इन अस्पतालों में मेडिकल कॉलेज जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
50 बेड की सुविधा और आधुनिक ICU यूनिट
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. नागराज पवार ने बताया कि प्रत्येक अस्पताल में 50 बेड की व्यवस्था होगी। गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को यहां पर आईसीयू, डायलिसिस, ट्रॉमा केयर और सर्जिकल सेवाएं एक ही जगह मिलेंगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा भूमि की पैमाइश पूरी कर रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गई है। बहुत जल्द टेंडर की प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
16.75 करोड़ की लागत से होंगे तैयार
दोनों क्रिटिकल केयर अस्पताल लगभग 16 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे हैं। अस्पतालों में अत्याधुनिक आईसीयू की सुविधा उपलब्ध होगी, जो वर्तमान में कुल्लू जिले में नहीं है। अस्पताल शुरू होने के बाद रेफरल केसों में भारी कमी आएगी, क्योंकि मरीजों को अब शिमला या चंडीगढ़ नहीं भेजना पड़ेगा।
इन बीमारियों का होगा इलाज
इन अस्पतालों में डायलिसिस यूनिट, आर्थोपेडिक, गायनी, हार्ट और ब्रेन अटैक, फेफड़ों की बीमारियां, जलने और हादसों में घायल लोगों के इलाज की व्यवस्था होगी। सीएमओ के अनुसार, “इन अस्पतालों के शुरू होने से कुल्लू जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक सुधार होगा और मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा।”
एक ही छत के नीचे सभी टेस्ट
लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से एक पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी भी बनाई जा रही है, जिसमें करीब 50 तरह के टेस्ट एक ही छत के नीचे हो सकेंगे। अब मरीजों और उनके परिजनों को बाहर जाकर टेस्ट करवाने की जरूरत नहीं होगी। यह लैब मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर विकसित की जा रही है।
थाटीबीड और बंजार में भी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
डॉ. पवार ने बताया कि थाटीबीड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन 2.53 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो चुका है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दौरे पर किया जाएगा। वहीं, सिविल अस्पताल बंजार में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से दो नए ब्लॉक बनाए जा रहे हैं, जो साल 2025 तक तैयार हो जाएंगे। इससे बंजार क्षेत्र के लोगों को अपने ही इलाके में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने पर कुल्लू जिला स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में एक नई ऊंचाई छूएगा और यह मॉडल जिला के रूप में उभरेगा।