त्योहारों के बाद तेल के दामों में गिरावट: कई शहरों में सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल
नई दिल्ली/24/10/2025
नई दिल्ली: दीपावली और भाई-दूज जैसे बड़े त्योहारों की रौनक खत्म होते ही तेल की कीमतों में राहत की खबर आई है। शुक्रवार सुबह कई शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम घटे हुए नजर आए। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़कर 65 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गए हैं, लेकिन इसके बावजूद घरेलू बाजार में कीमतों में नरमी बनी हुई है।
त्योहारों के बाद शुक्रवार को सरकारी तेल कंपनियों ने यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल की नई दरें जारी कीं। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में पेट्रोल 6 पैसे बढ़कर ₹94.77 प्रति लीटर और डीजल 8 पैसे चढ़कर ₹87.89 प्रति लीटर हो गया। वहीं, गाजियाबाद में उपभोक्ताओं को राहत मिली है—यहां पेट्रोल ₹0.48 घटकर ₹94.41 और डीजल ₹0.56 गिरकर ₹87.47 प्रति लीटर बिक रहा है।
बिहार की राजधानी पटना में तेल की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी देखी गई है। यहां पेट्रोल ₹0.88 बढ़कर ₹106.11 और डीजल ₹0.83 बढ़कर ₹92.32 प्रति लीटर पहुंच गया है।
हालांकि, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे महानगरों में कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
दिल्ली: पेट्रोल ₹94.72, डीजल ₹87.62 प्रति लीटर
मुंबई: पेट्रोल ₹103.44, डीजल ₹89.97 प्रति लीटर
चेन्नई: पेट्रोल ₹100.76, डीजल ₹92.35 प्रति लीटर
कोलकाता: पेट्रोल ₹104.95, डीजल ₹91.76 प्रति लीटर
उधर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 1.25 डॉलर की बढ़ोतरी के साथ $65.85 प्रति बैरल पर पहुंच गई, जबकि WTI क्रूड $61.65 प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है।
फिलहाल विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अगर कच्चे तेल की कीमतों में और उछाल जारी रहा, तो घरेलू बाजार में फिर से दरों में हलचल देखी जा सकती है।