फौजी ने 3 साल तक युवती से किया यौन शोषण, पुलिस जम्मू में दबिश देने पहुंची
ऊना/03/10/2025
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में तैनात फौजी युवक पर शादी का झांसा देकर तीन साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती ने बताया कि आरोपी ने पहले उससे शारीरिक संबंध बनाए, फिर कुछ माह पहले दोनों परिवारों की रजामंदी से सगाई भी हुई। लेकिन अचानक आरोपी ने रिश्ता तोड़ दिया और शादी से साफ इनकार कर दिया।
सगाई तोड़ी और धमकियां दीं
पीड़िता ने कहा कि जब उसने विरोध जताया, तो आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने ज्यादा दबाव डाला तो उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो वायरल कर दिए जाएंगे। इतना ही नहीं, आरोपी के पिता ने राजनीतिक रसूख का हवाला देते हुए परिवार को चुप रहने और समझौते के लिए दबाव डाला। पंचायत स्तर पर भी रिश्तेदारों के जरिए युवती और उसके परिवार पर दबाव बनाया गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
महिला थाना ऊना की पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। ASP ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। आरोपी फिलहाल सैन्य गतिविधियों के कारण यूनिट से बाहर है, लेकिन सेना अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले तीन दिनों के भीतर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के परिवार और रिश्तेदारों के खिलाफ धमकाने और दबाव बनाने के आरोपों की भी जांच शुरू कर दी है।
मामला ग्रामीण क्षेत्र में चर्चा का विषय
इस पूरे घटनाक्रम ने ऊना जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हलचल मचा दी है। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह न केवल युवती के साथ अन्याय है बल्कि समाज और फौज जैसी सम्मानित संस्था की छवि पर भी धब्बा डालता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी युवती ऐसी स्थिति का शिकार न हो।